चलती कार में लगी भीषण आग, महिला-बच्ची समेत पांच यात्री बाल-बाल बचे
शॉर्ट सर्किट के कारण कार के सेंसर लॉक हो गए, जिससे उसके दरवाजे नहीं खुल पा रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टोलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला
हौज टोल प्लाजा पर मचा हड़कंप, टोलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
जौनपुर। हौज टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टोल से गुजर रही एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में महिला और बच्ची समेत पांच यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि शॉर्ट सर्किट के कारण कार के सेंसर लॉक हो गए, जिससे उसके दरवाजे नहीं खुल पा रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टोलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और बाहर से कार के दरवाजे खोलकर सभी पांच यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद टोलकर्मियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से कार में लगी आग पर काबू पाया। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। टोलकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
