पूर्वांचल युवा महोत्सव के ऑडिशन में उमड़ा कलाकारों का उत्साह, विनय सिंह ने की सराहना
जौनपुर। पूर्वांचल युवा महोत्सव 2026 में सहभागिता के लिए नवोदित कलाकारों के चयन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान स्थित सभागार में आयोजित ऑडिशन के दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुफ्तीगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनय कुमार सिंह ने किया।
जौनपुर। पूर्वांचल युवा महोत्सव 2026 में सहभागिता के लिए नवोदित कलाकारों के चयन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान स्थित सभागार में आयोजित ऑडिशन के दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुफ्तीगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्वांचल युवा महोत्सव नवोदित कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने का अमूल्य अवसर है। ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।,महोत्सव के संरक्षक एवं टीडी कॉलेज के प्रोफेसर अजय कुमार दुबे ने कलाकारों की बढ़ती संख्या, उत्साहपूर्ण सहभागिता और अनुशासित आयोजन की सराहना की। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। वहीं, महोत्सव के उपाध्यक्ष उपेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि यह एक विशिष्ट आयोजन है, जहां कलाकारों को बिना किसी शुल्क के अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। इस दौरान कार्यकारिणी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों संजय सिंह, अविनाश दुबे, रेखा सिंह, निशांत सिंह भोलू, साधना, राखी सिंह, किरण सिंह, दिव्या सिंह, लक्ष्मी, मयंक, राजू शम्स अब्बास, संकल्प सिंह, दीपक पाठक, कृपाशंकर सिंह, महेंद्र गुप्ता, महेंद्र विश्वकर्मा, बिट्टू किन्नर और विक्रांत राय सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। महोत्सव के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि पूर्वांचल युवा महोत्सव का आयोजन 17, 18 और 19 नवंबर को बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में किया जाएगा। इसमें जौनपुर के साथ-साथ पूर्वांचल और प्रदेश के नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। महोत्सव में नृत्य, गायन, वादन, मेहंदी प्रतियोगिता, क्राफ्ट, मिमिक्री और कविता पाठ सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इच्छुक कलाकार पंजीकरण कराकर इसमें सहभागिता कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन अपूर्वा दुबे ने किया, जबकि निवेदिता रॉय ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। ऑडिशन की प्रक्रिया देर शाम तक चलती रही।