मऊ से मुंबई के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, जौनपुर और शाहगंज में होगा ठहराव
जौनपुर। जिले के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 11 अक्टूबर से 20 नवंबर तक और मऊ से 13 अक्टूबर से 22 नवंबर तक कुल 12-12 फेरे लगाएगी।
जौनपुर। जिले के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 11 अक्टूबर से 20 नवंबर तक और मऊ से 13 अक्टूबर से 22 नवंबर तक कुल 12-12 फेरे लगाएगी। उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 01123 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शुक्रवार और रविवार को दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मुंगावली, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी और वाराणसी जंक्शन होते हुए अगले दिन जौनपुर स्टेशन पर शाम 6:10 बजे पहुंचेगी। जौनपुर स्टेशन से ट्रेन 6:15 बजे रवाना होकर शाहगंज स्टेशन पर शाम 7 बजे और मऊ स्टेशन पर रात 9:30 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01124 मऊ से रविवार और मंगलवार को सुबह 4:15 बजे रवाना होगी। आजमगढ़ होते हुए यह ट्रेन शाहगंज स्टेशन पर सुबह 6:25 बजे पहुंचेगी और वहां से 6:30 बजे रवाना होकर जौनपुर स्टेशन पर सुबह 8:10 बजे पहुंचेगी। जौनपुर से ट्रेन 8:15 बजे रवाना होकर वाराणसी जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, इटारसी, खंडवा, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए अगले दिन शाम 4:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी समेत कुल 22 कोच होंगे।