जौनपुर को 3,650 करोड़ की आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात, नितिन गडकरी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास
जौनपुर। जनपद जौनपुर के सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुगम करने की दिशा में गुरुवार को बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंगराबादशाहपुर
मुंगराबादशाहपुर बाईपास समेत पांच नई परियोजनाओं का निर्माण शुरू, तीन प्रमुख सड़क परियोजनाएं जनता को समर्पित
जौनपुर। जनपद जौनपुर के सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुगम करने की दिशा में गुरुवार को बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंगराबादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 3,650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इनमें 3,210 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी तीन परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया गया, जबकि लगभग 400 करोड़ रुपये की पांच नई परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान समय में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े विकास कार्य संचालित हैं। इनमें एक लाख करोड़ रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि लगभग तीन लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं विभिन्न प्रक्रियाओं में हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और दूरसंचार किसी भी क्षेत्र के विकास के प्रमुख आधार हैं। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। केंद्रीय मंत्री ने जिन तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें 1,505 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 63 किलोमीटर लंबा रायबरेली-प्रयागराज चार लेन मार्ग, 1,078 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 24 किलोमीटर लंबा जगतपुर-बाबूगंज-ऊंचाहार-आलापुर चार लेन बाईपास एवं पुल तथा 627 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 49 किलोमीटर लंबा मछलीशहर-जंघई-भदोही मार्ग शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय आवागमन को बेहतर बनाने और यात्रियों के समय की बचत होने की उम्मीद है। जनपद को मिली पांच नई परियोजनाओं में मुंगराबादशाहपुर में 198 करोड़ रुपये की लागत से चार किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण, जौनपुर शहर में कुत्तूपुर तिराहे से सरायख्वाजा तक 128 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर सड़क का चार लेन चौड़ीकरण, मड़ियाहूं रेलवे क्रॉसिंग पर 92 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 किलोमीटर लंबे ओवरब्रिज का निर्माण शामिल है।
इसके अतिरिक्त लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक 33 करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबे चार लेन मार्ग तथा रामदयालगंज में सई नदी पर 16 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन पुल के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ कराया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जौनपुर के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने, रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलने और सड़क संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ऊर्जादाता और ईंधनदाता बनाने की दिशा में काम कर रही है। चावल और गन्ने से इथेनॉल एवं ऊर्जा उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों और सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में प्रदेश ऊर्जा आयात करने के बजाय ऊर्जा निर्यात करने की क्षमता विकसित करेगा। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जौनपुर शहर चारों ओर रेलवे क्रॉसिंग से घिरा होने के कारण लोगों को आए दिन जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। केंद्रीय मंत्री की ओर से जनपद को रिंग रोड की सौगात मिली है और इसकी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। रिंग रोड का निर्माण पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होने और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने इन परियोजनाओं को जनपद के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बाईपास के निर्माण से वर्षों पुरानी जाम की समस्या से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग कुंवर बृजेश सिंह, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आरके पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू, पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, पूर्व सांसद बीपी सरोज, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुषमा पटेल, बाकेलाल सोनकर, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।