जौनपुर में ट्रैफिक पुलिस का अभियान, ब्लैक फिल्म उतरवाई, नियम तोड़ने पर 965 चालान

जौनपुर। यातायात माह नवंबर के तहत जौनपुर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। मंगलवार को जिलेभर में चलाए गए

जौनपुर में ट्रैफिक पुलिस का अभियान, ब्लैक फिल्म उतरवाई, नियम तोड़ने पर 965 चालान

जौनपुर। यातायात माह नवंबर के तहत जौनपुर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। मंगलवार को जिलेभर में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान 965 वाहनों का चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस ने कुल 13 लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन और एसपी सिटी अनंत चंद्रशेखर के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चंद्र तिवारी एवं यातायात प्रभारी मनोज कुमार पांडेय के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई। विशेष रूप से अवैध ब्लैक फिल्म लगाकर चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान ब्लैक फिल्म लगे वाहनों को रोककर मौके पर ही फिल्म उतरवाई गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनके उल्लंघन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।

यातायात माह के तहत पुलिस की ओर से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बयालसी इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता के बारे में बताया गया।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करें और सड़क पर चलते समय अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।