एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत बीएसए ने किया वृहद वृक्षारोपण, बच्चों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Jaunpur news

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत बीएसए ने किया वृहद वृक्षारोपण, बच्चों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जौनपुर। शासन के निर्देशानुसार संचालित "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के नेतृत्व में विकास खंड मुंगरा बादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय सोहँसा, प्राथमिक विद्यालय पुरऊपुर तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय पाण्डेयपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण और मातृत्व के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने भी विद्यालय परिसर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह तथा शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र पटेल ने भी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल एवं संरक्षण करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।