'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत भीलमपुर में हुआ वृहद पौधारोपण, हजारों पौधे रोपे गए
JAUNPUR news
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत भीलमपुर में हुआ वृहद पौधारोपण, हजारों पौधे रोपे गए
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर संचालित 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत रविवार को सुजानगंज विकासखंड के ग्राम भीलमपुर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने आम का पौधा रोपित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान गांव स्थित तालाब के चारों ओर हजारों पौधे लगाए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, ग्रामवासियों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।
अपने संबोधन में कृपाशंकर सिंह ने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान का जनआंदोलन है। उन्होंने लोगों से अपनी माँ के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा लगाने तथा उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक-से-अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। पेड़-पौधे शुद्ध वायु, जल संरक्षण और हरियाली प्रदान करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्याम राज सिंह, ग्राम प्रधान मधु सिंह, संजय सिंह, लालजी, अमन कुमार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
