कूलर की थोक दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान
जौनपुर : तारापुर तकिया में कूलर की थोक दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान
जौनपुर नगर के तारापुर तकिया क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई। अकबर पैलेस के पास स्थित कूलर की थोक दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान में महंगे और बड़े कूलरों की होलसेल बिक्री की जाती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जनवरी 2026 की रात लगभग 12 बजे दुकान पर कूलरों और संबंधित सामान की नई खेप पहुंची थी। दुकान मालिक शेराज अहमद पुत्र मुख्तार अहमद, निवासी मोहल्ला दिलाजाक पठान टोला, ने सामान व्यवस्थित कर दुकान बंद की और घर चले गए। कुछ समय बाद अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई।
देर रात दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। मौके पर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
दुकान मालिक के अनुसार आग में करीब 16–17 कूलर, लगभग 600 मोटर व पंप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जल गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है।