भूमि विवाद में दीवार तोड़ने का आरोप, विरोध करने पर धमकी; पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Jaunpur news
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दीवार तोड़ने तथा विरोध करने पर मां-बेटी के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर गांव निवासी कलावती देवी, पत्नी अनुज कुमार, ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गुरुवार को गांव के गोविंद कुमार, दिलीप कुमार, किशन कुमार, मनोज कुमार सहित अन्य लोगों ने भूमि विवाद को लेकर उनकी दीवार तोड़ दी। आरोप है कि जब उन्होंने और उनकी पुत्री समो ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की तथा मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर जफराबाद पुलिस ने दिलीप कुमार, गोविंद कुमार, किशन कुमार, मनोज कुमार सहित पांच आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
