जंघई स्टेशन पर बम की अफवाह से हड़कंप, जांच में सूचना निकली फर्जी
जौनपुर। जंघई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह बम होने की सूचना मिलने से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस और जीआरपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा पूरे स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
फोन कॉल के बाद मचा हड़कंप, मीरगंज पुलिस और जीआरपी ने स्टेशन परिसर में चलाया सघन तलाशी अभियान
जौनपुर। जंघई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह बम होने की सूचना मिलने से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस और जीआरपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा पूरे स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान स्टेशन पर रखे एक ट्रॉली बैग की भी गहन जांच की गई, लेकिन उसमें कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के बाद बम होने की सूचना पूरी तरह फर्जी और निराधार साबित हुई, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर ट्रॉली बैग में बम होने की सूचना दी थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और स्टेशन के सभी प्रमुख स्थानों की गहन तलाशी ली गई। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
पुलिस अब फर्जी सूचना देने वाले अज्ञात कॉलर की पहचान करने में जुटी है। जिस मोबाइल नंबर से सूचना दी गई थी, वह फिलहाल स्विच ऑफ है। पुलिस कॉल करने वाले का पता लगाकर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
रेलवे पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी या भ्रामक सूचना न दें। इस तरह की अफवाहें न केवल सुरक्षा एजेंसियों का समय और संसाधन बर्बाद करती हैं, बल्कि यात्रियों में अनावश्यक भय और दहशत भी पैदा करती हैं।
