जौनपुर बना ताईक्वांडो का केंद्र, 72 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
प्रतियोगिता का समापन क्रीड़ा भारती के संयोजक डॉ. अरविंद गुप्त, शाइन ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संस्थापक शशिकांत मौर्य तथा एनटीपीसी इंजीनियर उत्कर्ष सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
जौनपुर और आजमगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, द्वितीय सी.डब्ल्यू. ताईक्वांडो प्रतियोगिता में 72 खिलाड़ियों ने जीते पदक
जौनपुर। नगर के ईशापुर (रसूलाबाद रोड) स्थित कोबरा वॉरियर्स मार्शल आर्ट एकेडमी में सोमवार को आयोजित द्वितीय सी.डब्ल्यू. ताईक्वांडो प्रतियोगिता-2026 खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्साह का शानदार संगम बनी। प्रतियोगिता में जौनपुर और आजमगढ़ जनपद के कुल 72 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कुल 72 खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए, जिनमें 27 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक, 25 खिलाड़ियों ने रजत पदक तथा 20 खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर अपने जिले और प्रशिक्षकों का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीरा अग्रहरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता का समापन क्रीड़ा भारती के संयोजक डॉ. अरविंद गुप्त, शाइन ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संस्थापक शशिकांत मौर्य तथा एनटीपीसी इंजीनियर उत्कर्ष सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ताईक्वांडो कोच अमन दबगरवाल ने विभिन्न जनपदों से आए तकनीकी अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन कोबरा वॉरियर्स मार्शल आर्ट एकेडमी की टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।