चाकू के बल पर छिनैती करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कुछ ही घंटों में पुलिस ने दबोचा

NEWS

चाकू के बल पर छिनैती करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कुछ ही घंटों में पुलिस ने दबोचा

जौनपुर। बक्शा थाना पुलिस ने प्लंबर मिस्त्री से चाकू के बल पर नकदी छीनने के मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए शुक्रवार सुबह दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि बदलापुर थाना क्षेत्र के लेदुका गांव निवासी लालसाहब ने बक्शा थाने में तहरीर देकर बताया कि वह पिछले पांच दिनों से नेवादा गांव में प्लंबर का कार्य कर रहा था। गुरुवार शाम काम समाप्त होने के बाद वह अपने साथी संतोष और अंकित के साथ बाइक से धनियामऊ स्थित अपने ससुराल जा रहा था।

पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह धनियामऊ अंडरपास पुलिया के नीचे पहुंचा, तभी बाइक संख्या UP 62 AY 0096 पर सवार सरायहरखू गांव निवासी दिलीप गौतम और अजय बिंद ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने चाकू दिखाकर धमकाया और कहा कि काम से लौटे हो, दो हजार रुपये दो, नहीं तो जान से मार देंगे। भयभीत होकर लालसाहब ने अपनी जेब से 1,500 रुपये निकालकर उन्हें दे दिए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह बंधवारेबीर मार्ग के पास से दोनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया गया।