स्कूल के पास छात्राओं से अभद्रता करने वाले दो मनचले गिरफ्तार, एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई

जौनपुर। महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान के तहत सिकरारा थाना पुलिस ने स्कूल के आसपास छात्राओं और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों युवक विद्यालय के आसपास आने-जाने वाली छात्राओं एवं महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे तथा उनसे अभद्र भाषा में बातचीत कर सार्वजनिक व्यवस्था भंग कर रहे थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन प्रजापति, निवासी इटहा थाना सुजानगंज, तथा भोला प्रजापति, निवासी खपरहा थाना सिकरारा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका के मद्देनज़र धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान कर संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया।

इस अभियान में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल जगनरायण वर्मा, महिला कांस्टेबल लता सिंह, नीलम अहिरवार एवं प्रिया सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा छेड़छाड़, अभद्रता या महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।