काली मंदिर में चोरी का प्रयास विफल, पुजारी की सतर्कता से आरोपी गिरफ्तार
Jaunpur news
जेवरात लेकर भागने की कोशिश के दौरान पुजारी के हाथ में काटा, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर नगर के सिपाह मोहल्ला स्थित प्रसिद्ध काली माई शक्ति पीठ मंदिर में सोमवार सुबह चोरी का प्रयास पुजारी की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल हो गया। मां काली के श्रृंगार में चढ़ाए गए जेवरात चोरी करने का प्रयास कर रहे एक युवक को मंदिर के पुजारी बाबा केवल दास ने मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी ने छूटने के प्रयास में पुजारी के हाथ में दांत से काट लिया, जिससे वे घायल हो गए। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक मंदिर परिसर में पहुंचा और गर्भगृह में प्रवेश कर मां काली की प्रतिमा पर चढ़े जेवरात उतारने लगा। इसी दौरान पुजारी बाबा केवल दास की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल युवक को पकड़ लिया।
खुद को पकड़ा हुआ देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुजारी के हाथ में दांत से काट लिया। इसके बावजूद पुजारी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे नहीं छोड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चोरी किए गए जेवरात के साथ हिरासत में लेकर थाने पहुंची।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन कुमार, निवासी लाल का पूरा, नीभापुर बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
