वेतन वृद्धि समेत 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कर्मचारियों का प्रदर्शन

JAUNPUR NEWS

वेतन वृद्धि समेत 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कर्मचारियों का प्रदर्शन

वेतन वृद्धि समेत 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कर्मचारियों का प्रदर्श

जौनपुर। अखिल भारतीय आशा कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ) के आह्वान पर गुरुवार को आशा कर्मचारियों ने अपनी 17 सूत्रीय मांगों के समर्थन में एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। जौनपुर में भी बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में आशा कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा के बाद आंदोलन का निर्णय लिया गया था। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती निर्मला शर्मा तथा संचालन महामंत्री श्रीमती लक्ष्मी शर्मा ने किया।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2025 में भी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर सरकार को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण इस बार 17 सूत्रीय मांगों को लेकर पुनः आंदोलन किया गया।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में आशा कर्मचारियों को ₹26,000 से ₹48,000 तक का मासिक वेतनमान, वार्षिक वेतनवृद्धि, पदोन्नति की व्यवस्था, समान कार्य के लिए समान वेतन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में संविलियन, ठेका प्रथा समाप्त करना तथा यात्रा भत्ता (टीए) सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है।

महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।