दूल्हा हत्याकांड में बड़ा अपडेट: मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद से अब जेल में होगी पूछताछ, कोर्ट ने पुलिस को दी अनुमति
Jaunpur news
सीजेएम कोर्ट में सरेंडर के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी से जेल में पूछताछ करेगी पुलिस, साजिश और अन्य आरोपियों पर मिल सकते हैं अहम सुराग।
जौनपुर। खेतासराय के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद से अब जेल में पूछताछ का रास्ता साफ हो गया है। न्यायालय ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए जेल नियमों के तहत आरोपी से पूछताछ की अनुमति प्रदान कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदीप बिंद ने पुलिस को चकमा देते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। आत्मसमर्पण के बाद अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। आरोपी के अचानक सरेंडर करने के कारण पुलिस उससे पूछताछ नहीं कर सकी थी।
अब न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद पुलिस जेल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ करेगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश, वारदात के पीछे की वास्तविक वजह तथा इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विवेचना को और गति दी जाएगी तथा मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
