खेत में कूड़ा-कचरा फेंकने का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर/ नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल, दबंगई व धमकी देने का लगाया आरोप
जौनपुर। नगर पालिका परिषद सदर क्षेत्र के मुरादगंज स्थित न्यू कालोनी में एक खेत में कथित रूप से लगातार कूड़ा-कचरा फेंके जाने को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में बीर बहादुर सिंह निवासी मुरादगंज ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार आराजी संख्या 593, रकबा 0.1740 हेक्टेयर में वह आधे हिस्से का मालिक व काबिज है। उक्त भूमि सनलाइट पब्लिक स्कूल के दक्षिण तथा मां तारा हॉस्पिटल के पीछे न्यू कालोनी मुरादगंज में स्थित बताई गई है, जहां वह खेती करता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आसपास रहने वाले कुछ लोग कथित रूप से खेत में पन्नी, सब्जियों के छिलके, टूटे शीशे, पत्थर व ईंट के टुकड़े, गंदे कपड़े, पैम्पर सहित अन्य कूड़ा-कचरा फेंक रहे हैं। इससे खेत में गंदगी और दुर्गंध फैलने के साथ खेती प्रभावित होने का आरोप लगाया गया है। बीर बहादुर सिंह का यह भी आरोप है कि कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर उन्हें और उनकी बहन को कथित रूप से गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने कुछ स्थानीय लोगों पर दबंगई दिखाने और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को पूर्व में कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया है। मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने 7 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित भूमि की सफाई कराने, न्यू कालोनी मुरादगंज में कूड़ा उठाने की समुचित व्यवस्था कराने तथा खेत में कूड़ा फेंकने से रोकने की मांग की है। साथ ही विवाद की स्थिति उत्पन्न करने और धमकी देने के आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। अब देखना यह है कि जिलाधिकारी स्तर से मामले की जांच के बाद नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।