करंट से युवक की मौत पर बवाल, हत्या का आरोप लगाकर ढाई घंटे सड़क जाम
जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के परमानतपुर निवासी 28 वर्षीय गौरीशंकर गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने युवक की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया और शव को सड़क पर रखकर करीब ढाई घंटे तक चक्का जाम किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया।
परिजनों के आरोपों से मचा हड़कंप, मार्बल-टाइल्स कारोबारी हिरासत में; विधायक रागिनी सोनकर ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के परमानतपुर निवासी 28 वर्षीय गौरीशंकर गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने युवक की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया और शव को सड़क पर रखकर करीब ढाई घंटे तक चक्का जाम किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि गौरीशंकर बालाजी टाइल्स की दुकान पर काम करता था। करंट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
मामले में पुलिस ने एक मार्बल-टाइल्स कारोबारी को हिरासत में लिया है। वहीं, विधायक रागिनी सोनकर भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।