सीएम योगी ने मां विंध्यवासिनी धाम में किए दर्शन-पूजन, कॉरिडोर और सेफ हाउस का किया निरीक्षण
Jaunpur news
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने विंध्य धाम कॉरिडोर का निरीक्षण किया तथा परिसर में निर्मित सेफ हाउस सहित श्रद्धालुओं के लिए विकसित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर के निर्माण कार्य और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा व्यवस्थाओं में लगातार सुधार सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि पहले श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी मंदिर तक पहुंचने के लिए संकरी गलियों से होकर गुजरना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती थी। राज्य सरकार द्वारा लगभग 331 करोड़ रुपये की लागत से विकसित विंध्य धाम कॉरिडोर के निर्माण के बाद अब श्रद्धालुओं को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही।
