हिंदी दिवस पर विजय प्रताप इंटरनेशनल स्कूल में हुआ भव्य आयोजन
हिंदी दिवस पर विजय प्रताप इंटरनेशनल स्कूल में हुआ भव्य आयोजन
बच्चों और शिक्षिकाओं ने हिंदी के महत्व पर रखे विचार, मातृभाषा के सम्मान का लिया संकल्प
जफराबाद, जौनपुर। जफराबाद स्थित विजय प्रताप इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने हिंदी भाषा के महत्व, उसकी उपयोगिता और भारतीय संस्कृति में उसके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने कविता, भाषण एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को व्यक्त किया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को हिंदी दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ी भाषा है। विद्यार्थियों को हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने तथा इसके प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं शिक्षिकाओं ने हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।