दो बच्चियों को गंगा में फेंककर थाने पहुंची मां, दूसरे दिन मिलीं लाशें
जौनपुर के केराकत स्थित सिहौली घाट से 13 अक्तूबर को लापता हुईं दोनों बच्चियों के शव गंगा में मिले थे। मौत की वजह और डूबने की पुष्टि के लिए डायटम टेस्ट कराया गया और बिसरा सुरक्षित रखा गया।
जौनपुर। केराकत स्थित सिहौली घाट से बीते 13 अक्टूबर को लापता हुईं साक्षी (12) और मीनाक्षी (8) के शव 18 अक्टूबर को शहर कोतवाली क्षेत्र के स्टीमर घाट पर गंगा नदी में मिले थे। दोनों बच्चियों के शव साड़ी में बंधे हुए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी थी। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर पुलिस ने रविवार देर रात दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के दौरान बच्चियों की मौत डूबने से हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए डायटम टेस्ट कराया गया। साथ ही जांच के लिए दोनों के बिसरा सुरक्षित रखे गए। डीएनए जांच के लिए दोनों बच्चियों के दांत और बालों के नमूने भी सुरक्षित किए गए। देर रात वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।