7 अगस्त को निकलेगी जौनपुर की भव्य बोल बम कांवड़ शोभायात्रा, प्रशासन से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की मांग

Jaunpur

7 अगस्त को निकलेगी जौनपुर की भव्य बोल बम कांवड़ शोभायात्रा, प्रशासन से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की मांग

हनुमान घाट से भंडारी रेलवे स्टेशन तक निकलेगी शोभायात्रा, फरक्का एक्सप्रेस से सुल्तानगंज रवाना होंगे शिवभक्त

जौनपुर। बोल बम कांवड़िया संघ, जौनपुर के तत्वावधान में आगामी 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए विशाल कांवड़ यात्रा एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस संबंध में संघ के महासचिव विमल सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।

संघ द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, शोभायात्रा सुबह 8 बजे हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर (गोमती तट) से प्रारंभ होगी। यात्रा में घोड़े, भगवान शिव की आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन और ध्वनि विस्तारक यंत्र शामिल रहेंगे। शोभायात्रा सद्भावना पुल, ओलंदगंज, कजगांव पड़ाव, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, सब्जी मंडी और सुतहट्टी बाजार होते हुए भंडारी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वहां से श्रद्धालु फरक्का एक्सप्रेस के माध्यम से सुल्तानगंज रवाना होंगे और गंगाजल लेकर पदयात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।

संघ ने बताया कि मार्ग की खराब स्थिति तथा बिजली के खंभों और लटकते तारों की समस्या को देखते हुए इस वर्ष शोभायात्रा का मार्ग परिवर्तित किया गया है। प्रशासन से अंडरग्राउंड बिजली बॉक्स को सुरक्षित ढंकने, बिजली के तारों को ऊंचा कराने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा पूरे मार्ग पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

बोल बम कांवड़िया संघ के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर के विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में शिवभक्त आकर्षक झांकियों और भजन मंडलियों के साथ शोभायात्रा में शामिल होंगे। वहीं, मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत, जलपान और सेवा की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।