समझौते के दो दिन बाद फिर मारपीट, विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

JAUNPUR

समझौते के दो दिन बाद फिर मारपीट, विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलाबाद मोहल्ले में एक विवाहिता के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस द्वारा दो दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच समझौता कराए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष ने उसके साथ दोबारा मारपीट की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सानिया परवीन उर्फ शाइस्ता के पति इम्तियाज रोज़गार के सिलसिले में खाड़ी देश में रहते हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करते हैं। इसी संबंध में उसने 5 जुलाई को शंकर मंडी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया था।

पीड़िता के अनुसार, 7 जुलाई की सुबह करीब सात बजे वह अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान ससुर, देवर, देवरानी, ननद सहित अन्य लोगों ने कमरे में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज की तथा मारपीट कर घायल कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद घायल महिला कोतवाली पहुंची और शहर कोतवाल को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उसका चिकित्सकीय परीक्षण जिला अस्पताल में कराया। पीड़िता का आरोप है कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी, जबकि आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।