अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 150 से अधिक शस्त्र लाइसेंस होंगे निरस्त

Jaunpur News

अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 150 से अधिक शस्त्र लाइसेंस होंगे निरस्त

जौनपुर। जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में 150 से अधिक शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। सभी थाना प्रभारियों को संबंधित लाइसेंस धारकों का सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यापन के आधार पर सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित लाइसेंस धारकों को नियमानुसार नोटिस जारी कर उनका पक्ष सुना जाएगा। सुनवाई के उपरांत जिन व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के पर्याप्त साक्ष्य एवं आधार पाए जाएंगे, उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत भविष्य में भी ऐसे मामलों की नियमित समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।