8 जुलाई से बदला स्कूलों का समय, सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे कक्षा 1 से 8 के विद्यालय

JAUNPUR

8 जुलाई से बदला स्कूलों का समय, सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे कक्षा 1 से 8 के विद्यालय

जौनपुर। मौसम सामान्य होने के बाद जिला प्रशासन ने जनपद के कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 8 जुलाई 2026 से जनपद के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा एवं अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालय प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे।

आदेश के मुताबिक परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना एवं योगाभ्यास सुबह 8:00 बजे से 8:15 बजे तक होगा, जबकि मध्यावकाश सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी शिक्षकों को शिक्षण कार्य प्रारंभ होने से कम से कम 15 मिनट पूर्व विद्यालय में उपस्थित रहने तथा विद्यालय की छुट्टी के बाद न्यूनतम 30 मिनट तक रुककर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधनों एवं प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया गया है कि किसी भी जर्जर अथवा असुरक्षित भवन में बच्चों को किसी भी स्थिति में न बैठाया जाए। ऐसे भवनों का तत्काल उपयोग बंद कर सुरक्षित स्थान पर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।