लोहिया पार्क में लगेगा रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन, सेल्फी प्वाइंट समेत कई सुविधाएं बढ़ेंगी

70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, राजनेताओं, दिव्यांगों, सेवानिवृत्त सैनिकों तथा माता-पिता के साथ आने वाले 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश शुल्क से छूट दी जाएगी। पार्क में नियमित रूप से आने वाले लोगों के लिए पास जारी करने का भी निर्णय लिया गया।

लोहिया पार्क में लगेगा रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन, सेल्फी प्वाइंट समेत कई सुविधाएं बढ़ेंगी

जौनपुर, 26 अगस्त। लोहिया पर्यावरणीय उद्यान पार्क के सौंदर्यीकरण एवं विकास को लेकर उद्यान विकास समिति की बैठक जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई। उप निदेशक उद्यान, वाराणसी मंडल दिग्विजय भार्गव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्क को आकर्षक बनाने के साथ ही आगंतुकों की सुविधाएं बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में पार्क में रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन और सेल्फी प्वाइंट बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पार्क की दीवारों पर ऐतिहासिक चित्रकारी कराई जाएगी। वाटर पाम और तिरंगा पोल पर पिक्सल पट्टी लाइट लगाकर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पार्क के बाहर स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ ही खराब हो रहे तिरंगा पोल की पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर पालिका और पुलिस के सहयोग से पार्क के बाहर निश्चित पार्किंग स्थल चिन्हित किया जाएगा। अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। पार्क में लगे जिम उपकरणों और झूलों की आवश्यकता के अनुसार मरम्मत भी कराई जाएगी। इसके साथ ही पार्क की स्वच्छता एवं रख-रखाव व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रवेश शुल्क देना होगा अनिवार्य

समिति के अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि पार्क में आने वाले प्रत्येक आगंतुक से सुबह और शाम प्रवेश शुल्क लिया जाए। हालांकि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, राजनेताओं, दिव्यांगों, सेवानिवृत्त सैनिकों तथा माता-पिता के साथ आने वाले 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश शुल्क से छूट दी जाएगी। पार्क में नियमित रूप से आने वाले लोगों के लिए पास जारी करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, क्षेत्राधिकारी नगर के प्रतिनिधि, थाना प्रभारी लाइन बाजार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, समिति की सदस्य अंजना सिंह सहित अन्य सदस्य एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।