शाहगंज रेलवे स्टेशन पर युवक की संदिग्ध मौत, प्लेटफॉर्म पर बिगड़ी तबीयत
पंजाब से घर लौट रहे सुल्तानपुर निवासी 36 वर्षीय राजकुमार की अस्पताल में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पंजाब से घर लौट रहे सुल्तानपुर निवासी 36 वर्षीय राजकुमार की अस्पताल में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
जौनपुर। शाहगंज रेलवे स्टेशन पर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर जनपद निवासी 36 वर्षीय राजकुमार पंजाब से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।
सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों और जीआरपी पुलिस ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
