खेत की जुताई के विवाद में बुजुर्ग की पीटकर हत्या, गांव में तनाव

जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के जरौना गांव में खेत की जुताई को लेकर सोमवार शाम पट्टीदारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

खेत की जुताई के विवाद में बुजुर्ग की पीटकर हत्या, गांव में तनाव

जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के जरौना गांव में खेत की जुताई को लेकर सोमवार शाम पट्टीदारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 76 वर्षीय काशीनाथ उपाध्याय की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया गया कि सोमवार शाम करीब छह बजे काशीनाथ उपाध्याय का पट्टीदारों से खेत की जुताई को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान काशीनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए मछलीशहर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मछलीशहर सर्किल का पुलिस बल भी गांव में पहुंच गया। पुलिस ने गांव में स्थिति को नियंत्रित किया और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।