संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया गला घोंटकर हत्या का आरोप

विशेषरपुर गांव निवासी संदीप कुमार की 35 वर्षीय पत्नी पूनम की रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे करीब 11 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया गला घोंटकर हत्या का आरोप

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, विशेषरपुर गांव निवासी संदीप कुमार की 35 वर्षीय पत्नी पूनम की रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे करीब 11 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर गांव से उसके मायके पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। मायके वालों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने रस्सी से गला घोंटकर पूनम की हत्या की है। उनका यह भी आरोप है कि पति अक्सर पूनम के साथ मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित करता था।

बताया गया कि पूनम की शादी वर्ष 2013 में संदीप कुमार के साथ हुई थी। वह तीन बच्चों की मां थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।