टैम्पो में सात और लड़कियों के हाथ-पैर बंधे होने व बेहोशी की बात बताई; जलालपुर, जफराबाद व एसओजी टीम जांच में जुटी

जफराबाद/जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के नत्थनपुर गांव के पास गुरुवार को एक 16 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आया। किशोरी के अनुसार, बंद बॉडी वाले टाटा टैम्पो में सवार दो लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठा लिया। करीब तीन किलोमीटर आगे जाकर किशोरी ने चलते टैम्पो से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

टैम्पो में सात और लड़कियों के हाथ-पैर बंधे होने व बेहोशी की बात बताई; जलालपुर, जफराबाद व एसओजी टीम जांच में जुटी

चलते टैम्पो से कूदकर किशोरी ने बचाई जान, अपहरण का आरोप

टैम्पो में सात और लड़कियों के हाथ-पैर बंधे होने व बेहोशी की बात बताई; जलालपुर, जफराबाद व एसओजी टीम जांच में जुटी

जफराबाद/जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के नत्थनपुर गांव के पास गुरुवार को एक 16 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आया। किशोरी के अनुसार, बंद बॉडी वाले टाटा टैम्पो में सवार दो लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठा लिया। करीब तीन किलोमीटर आगे जाकर किशोरी ने चलते टैम्पो से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जलालपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव निवासी पतिराम यादव की पुत्री अंजली यादव के मुताबिक, वह घर से कुछ दूरी पर नत्थनपुर गांव के पास घास काटने गई थी। इसी दौरान एक बंद बॉडी वाला टाटा टैम्पो वहां आकर रुका। किशोरी का आरोप है कि टैम्पो से दो लोग नीचे उतरे और उसे बुलाया। रास्ता पूछने की बात समझकर जब वह उनके पास पहुंची तो दोनों ने उसका मुंह दबाकर कथित तौर पर जबरन टैम्पो में बैठा लिया। इसके बाद वाहन का गेट बाहर से बंद कर दिया गया और टैम्पो बेलाव-केराकत मार्ग की ओर जाने लगा।

किशोरी ने बताया कि नेहरूनगर पुलिया के पास मौका पाकर उसने चलते टैम्पो से छलांग लगा दी और सड़क किनारे बांस की कोठी में जाकर छिप गई। उसके अनुसार, टैम्पो रोककर आरोपितों ने कुछ देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसके नहीं मिलने पर वे वाहन लेकर वापस कबुलपुर बाजार की ओर चले गए।

किशोरी के मुताबिक, आरोपितों के चले जाने के बाद वह बाहर निकली और आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया।

घटना की जानकारी मिलते ही जलालपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जफराबाद पुलिस तथा एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया। किशोरी ने पुलिस को बताया कि टैम्पो के अंदर सात अन्य लड़कियां भी थीं, जिनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और चेहरे पर नकाब लगा था। किशोरी के अनुसार, वे सभी बेहोशी की हालत में प्रतीत हो रही थीं।

किशोरी की सूचना के आधार पर पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से संदिग्ध टैम्पो की जानकारी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रसारित कराई। वहीं, पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविकता सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।