पुलिस पर फायरिंग पड़ी भारी, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार

जौनपुर न्यूज

पुलिस पर फायरिंग पड़ी भारी, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार

जौनपुर। जलालपुर और केराकत थाना क्षेत्र की संयुक्त पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस पर फायरिंग करने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आठ तमंचे, एक देशी रिवॉल्वर, कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में केराकत थाना पुलिस टेकुरीडीह के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर पराऊगंज की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही जलालपुर थाना पुलिस ने भी घेराबंदी कर दी।

थोर बिंदे-टेकुरी मार्ग पर दोनों ओर से पुलिस टीम को सामने देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सोनल वर्मा निवासी बीरमपुर, थाना केराकत के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने सभी पांचों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनल वर्मा निवासी बीरमपुर (थाना केराकत), राजेश्वर पाण्डेय निवासी एकौना (थाना गौराबादशाहपुर), अवनीश गुप्ता निवासी बीरमपुर (थाना केराकत), बाबी कुमार तथा रंजीत कुमार निवासी जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आठ तमंचे (.315 बोर), एक देशी रिवॉल्वर (.32 बोर), तीन जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इस संबंध में थाना जलालपुर में संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।