हाईवे पर भटक रही 11 वर्षीय बालिका को पुलिस ने परिजनों से मिलाया

पुलिसकर्मियों ने तत्काल बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया।

हाईवे पर भटक रही 11 वर्षीय बालिका को पुलिस ने परिजनों से मिलाया

जौनपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर परिजनों के साथ रिश्तेदारी में जा रही 11 वर्षीय बालिका रास्ते में उनसे बिछड़कर हाईवे पर पहुंच गई। परेशान हालत में हाईवे पर भटक रही बालिका पर सिंगरामऊ पुलिस की गश्ती टीम की नजर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को बालिका अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी। इसी दौरान वह रास्ते में परिजनों से अलग हो गई और रास्ता भटकते हुए हाईवे पर पहुंच गई। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने बालिका को अकेले और परेशान हालत में देखा तो उसे तत्काल सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

पुलिस टीम ने बालिका से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के बाद उसके परिजनों की तलाश शुरू की। परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।