छापेमारी के नाम पर जेवरात और लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में लेने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों के सवालों के बीच संदिग्धों का व्यवहार संदिग्ध प्रतीत होने पर शोर-शराबा मच गया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पीछा कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए।
आयकर अधिकारी बनकर सर्राफा दुकान पहुंचे पांच संदिग्ध, तीन दबोचे, दो फरार
छापेमारी के नाम पर जेवरात और लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में लेने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर बाजार में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पांच संदिग्ध खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर एक सर्राफा दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि संदिग्धों ने छापेमारी का हवाला देकर दुकान का शटर बंद कराया और जांच के नाम पर जेवरात समेत अन्य सामान अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने व्यवसायी का लाइसेंसी रिवॉल्वर भी अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, गोपालापुर बाजार निवासी सर्राफा व्यवसायी दिनेश बरनवाल की दुकान पर पहुंचे संदिग्धों की गतिविधियों पर परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने कथित अधिकारियों से पहचान पत्र तथा छापेमारी से संबंधित अधिकृत दस्तावेज दिखाने की मांग की। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि कार्रवाई वास्तविक है तो स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में ही किसी प्रकार की जांच या सामान की जब्ती की जाएगी।
परिजनों के सवालों के बीच संदिग्धों का व्यवहार संदिग्ध प्रतीत होने पर शोर-शराबा मच गया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पीछा कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर रामपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पकड़े गए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गोपालापुर बाजार में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।